मेरठ ड्रम हत्याकांड: जेल में बदली मुस्कान और साहिल की दुनिया
फांसी की सजा के बाद बदली मेरठ हत्याकांड के आरोपियों की दुनिया
मेरठ: देश को दहलाने वाले बहुचर्चित ड्रम हत्याकांड में कोर्ट द्वारा फांसी की सजा सुनाए जाने के बाद मुजरिम मुस्कान और साहिल की जेल की चारदीवारी के भीतर जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। कभी लंदन से लौटे अपने पति सौरभ राजपूत की बेरहमी से हत्या कर शव को नीले ड्रम में छिपाने वाली मुस्कान अब जेल की बैरक में कैदी नंबर 396 बनकर रह रही है, जबकि उसका प्रेमी और गुनाह में बराबर का साझीदार साहिल कैदी नंबर 395 बन चुका है। अदालत के इस कड़े फैसले के बाद दोनों की बैरकें भी बदल दी गई हैं और दोनों को कानूनन सख्त जेल के नियमों के दायरे में ला दिया गया है।
जेल के अंदर ऐसे कट रहा है अपराधियों का वक्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुनाह की सजा भुगत रहे दोनों दोषियों की मानसिक स्थिति इस भयानक खुलासे और फांसी की सजा के बाद बुरी तरह चरमरा गई है। जेल प्रशासन द्वारा लगातार उनकी काउंसलिंग की जा रही है और उन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सजायाफ्ता कैदियों के नियमानुसार साहिल को पहनने के लिए दो जोड़ी सफेद कुर्ता-पजामा तथा मुस्कान को क्रीम कलर की दो जोड़ी साड़ियां दी गई हैं। जेल प्रशासन ने दोनों को सुधारात्मक कार्यों में लगा दिया है, जिसके तहत अब मुस्कान जेल के अंदर सिलाई-कढ़ाई का काम करेगी, वहीं साहिल कृषि कार्यों यानी खेती-बाड़ी संभालते नजर आएगा।
मासूम बेटी की एक जिद से खुला था खौफनाक राज
यह वही जघन्य अपराध है जिसने हर किसी की रूह को कंपा दिया था। मृत सौरभ राजपूत ने लंदन से लौटने के बाद लव मैरिज की थी और वह अच्छी खासी कमाई करता था, लेकिन मुस्कान इश्क के परवान में इस कदर अंधी हो गई कि उसने अपने ही सुहाग को रास्ते से हटा दिया। मुस्कान को पूरा यकीन था कि उसका यह शातिर राज कभी बाहर नहीं आएगा, लेकिन कुदरत को कुछ और ही मंजूर था। जब उनकी 6 साल की मासूम बेटी ने अपने पिता से बात करने की जिद पकड़ी, तो शातिर मुस्कान ने बेझिझक कह दिया कि उसके पापा इसी नीले ड्रम के अंदर बंद हैं। बच्ची ने भोलापन दिखाते हुए यह बात अपनी दादी को बता दी और इस तरह से इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश हो गया। आज दोनों अपराधियों को अपने किए पर गहरा पछतावा है, लेकिन उनके क्रूर गुनाह के आगे अब पछतावे का कोई मोल नहीं बचा है।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।