गुना में कलेक्टर की पहल: 300 बच्चों को मिली उपहार किट
गुना, 04 नवंबर: दीपावली के पावन पर्व पर गुना जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश की है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की प्रेरणा और विशेष निर्देशों के तहत जिला आनंद विभाग द्वारा 'हर घर दिवाली अभियान' का संचालन किया गया। इस मानवीय पहल के जरिए जिले के तीन ग्रामीण क्षेत्रों के 300 से अधिक जरूरतमंद और वंचित वर्ग के बच्चों के बीच पहुंचकर दीपावली की खुशियां बांटी गईं, जिससे उनके चेहरों पर मुस्कान बिखर गई।
अधिकारियों ने बच्चों के साथ बांटी खुशियां
प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने ग्राम विनायक खेड़ी, ग्राम सोजनाचक और ग्राम कंचनपुरा के प्राथमिक विद्यालयों तथा बस्तियों का दौरा किया। इस दौरान बच्चों को विशेष उपहार किट वितरित की गईं। उपहार पाने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था। इस अवसर पर एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाठक, डिप्टी कलेक्टर व प्रभारी अधिकारी आनंद विभाग दिव्यांशु शिवहरे, जनपद पंचायत सीईओ श्रीमती योगिता परमार, नोडल अधिकारी आशीश टाटिया, डीपीसी सुश्री प्रेरणा गुप्ता और कार्यपालन यंत्री अभिनव परिहार सहित कई प्रमुख अधिकारी व शिक्षक मौजूद रहे।
सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल दिवाली का संदेश
बच्चों के बीच पहुँचे प्रशासनिक अधिकारियों ने न केवल उन्हें उपहार भेंट किए, बल्कि उनके साथ आत्मीय संवाद भी किया। अधिकारियों ने बच्चों की शिक्षा और दैनिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बच्चों को सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने, आतिशबाजी के समय विशेष सावधानी बरतने और बड़ों की निगरानी में ही उत्सव मनाने का महत्वपूर्ण संदेश भी दिया गया।
आनंद विभाग की सकारात्मक पहल
मध्य प्रदेश शासन के आनंद विभाग की अवधारणा के तहत समाज में सकारात्मकता, मानसिक प्रसन्नता और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जाते हैं। 'हर घर दिवाली अभियान' इसी व्यापक सोच का एक जीवंत उदाहरण है, जिसने यह साबित कर दिया कि त्योहारों का असली आनंद दूसरों के जीवन में उजाला फैलाने से ही प्राप्त होता है। जनसहयोग और संवेदनशील प्रशासनिक इच्छाशक्ति के मेल से आयोजित यह उत्सव समाज के लिए एक प्रेरणास्त्रोत बन गया है।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।