गुना में 50 हजार का गांजा जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार
गुना: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चांचौड़ा थाना पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को धर दबोचने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत का 5.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई से स्थानीय तस्करों में हड़कंप मच गया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन व एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अंजाम दी गई। 29-30 अक्टूबर की मध्यरात्रि को चांचौड़ा पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली थी कि लहरचा गांव के रास्ते एक संदिग्ध व्यक्ति प्लास्टिक के बोरे में अवैध गांजा लेकर बीनागंज की तरफ आ रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक दिलीप राजौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल हरकत में आई और बताए गए मार्ग पर घेराबंदी कर दी।
कीताखेड़ी-पुरानीगंज के बीच पकड़ा गया आरोपी
पुलिस टीम ने ग्राम कीताखेड़ी और पुरानीगंज के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। अपनी पहचान बापूलाल पुत्र छीतरजी सोंदिया (निवासी ग्राम बड़कुआ, हाल पुरानीगंज, चांचौड़ा) के रूप में बताने वाले आरोपी के पास रखे प्लास्टिक के बोरे की जब तलाशी ली गई, तो उसमें हरे गांजे की डंडियां, फूल और पत्तियां भरी हुई मिलीं। वजन करने पर यह अवैध मादक पदार्थ कुल 5.06 किलोग्राम पाया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 50 हजार रुपए आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 385/26 दर्ज कर आरोपी बापूलाल सोंदिया को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आरोपी यह खेप कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए पुलिस की जांच लगातार जारी है।
TrendsNews.iN निष्पक्ष, तथ्यपरक और स्वतंत्र पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करता है। हमारी टीम खबरों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही प्रकाशन करती है। प्रकाशित समाचार की सम्पूर्ण जिम्मेदारी सम्बंधित पत्रकार की होगी, पोर्टल जिम्मेदार नही होगा।